Headlines

बांसवाड़ा: ऑपरेशन त्रिनेत्र, पुलिस को देख तस्कर ने घुमाई कार, आमलिया रोड पर गाड़ी छोड़ अंधेरे में गायब; भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर जब्त

बांसवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस और जिला विशेष शाखा (DSB) की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पीछा कर एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर का जखीरा बरामद किया है. हालांकि, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर कार छोड़कर भागने में सफल रहा.

नाकाबंदी देख बैक की गाड़ी, खेतों के रास्ते भागा तस्कर

आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरथूना की तरफ से एक कार में अवैध शराब परिवहन की जा रही है. इस पर पुलिस टीम ने मानगढ़ तिराहा चेक पोस्ट पर कड़े सुरक्षा इंतजाम कर नाकाबंदी शुरू की।.

इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट कार को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी को तुरंत बैक किया और आनंदपुरी की तरफ तेजी से भगाने लगा. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सरकारी वाहन से उसका पीछा किया. खुद को घिरता देख तस्कर ने कार को आमलिया रोड पर साइड में खड़ा किया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते भाग निकला.

कार की तलाशी में मिला व्हिस्की, वोदका और बीयर का जखीरा

पुलिस ने जब लावारिस मिली कार की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर के कार्टून ठसाठस भरे हुए मिले. पुलिस कार को थाने लेकर आई, जहां गिनती करने पर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई. कार से रॉयल स्टैग व्हिस्की की 34 बोतलें व 6 कार्टून, मैकडॉवेल्स व्हिस्की के 2 कार्टून, ऑल सीजंस के 3 कार्टून, मैजिक मोमेंट्स वोदका की 24 बोतलें व 5 कार्टून, एब्सोल्यूट वोदका का 1 कार्टून, किंगफिशर बीयर के 13 कार्टून केन व 3 कार्टून बोतलें और बडवाइजर मैग्नम बीयर की 66 केन जब्त की गईं.

आबकारी एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है. अज्ञात चालक के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है. इस बड़ी कार्रवाई में आनंदपुरी थाने के एएसआई दिनेशचन्द्र, जितेंद्र, यशवंत और डीएसबी टीम के एसआई भंवरलाल, नवीन, तरुण व सुरेशचन्द्र की मुख्य भूमिका रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *