बांसवाड़ा जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहारिया और जिला विशेष शाखा (DSB) की टीम ने दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं. पुलिस ने चाप नदी के तट पर दबिश देकर अवैध बजरी खनन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं अरथूना मार्ग पर अवैध क्वार्ट्ज पत्थर से भरा एक ट्रेलर भी डिटेन किया है.
चाप नदी तट पर घेराबंदी, दो गिरफ्तार, जेसीबी व ट्रैक्टर जब्त
लोहारिया थानाधिकारी जयपाल सिंह और डीएसबी प्रभारी भंवरलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम शाम को गश्त पर थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मौजा जन्तोड़ा में चाप नदी के तट पर जेसीबी मशीन से अवैध रूप से बजरी का खनन और स्टॉक किया जा रहा है. सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की.
पुलिस को देखकर जेसीबी चालक और एक ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो ट्रैक्टर चालकों को मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश (35) निवासी सागवाड़िया (गढ़ी) और राकेश (33) निवासी साकरिया (गढ़ी) के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन और बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं. आरोपियों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम और बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.
आंजना टोल नाके के पास पकड़ा अवैध क्वार्ट्ज पत्थर से भरा ट्रेलर

अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ दूसरी कार्रवाई गढ़ी से अरथूना मार्ग पर की गई. डीएसबी प्रभारी भंवरलाल मय टीम ने आंजना टोल नाके के पास नदी क्षेत्र की ओर से मुख्य सड़क पर आते हुए एक संदिग्ध ट्रेलर को रुकवाया. जांच करने पर ट्रेलर में भारी मात्रा में अवैध क्वार्ट्ज पत्थर भरा हुआ पाया गया.
चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रवन्ना पर्ची नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रेलर को डिटेन कर अरथूना थाना परिसर में खड़ा करवाया. मामले की सूचना खनिज विभाग के फोरमैन पूंजीलाल मईडा को दे दी गई है, जिसके बाद विभाग द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

