Headlines

प्रतापगढ़: हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया बकरीद का पर्व, ईदगाह में अदा की गई सामूहिक नमाज

प्रतापगढ़ जिले में मुस्लिम समुदाय द्वारा त्याग, समर्पण और कुर्बानी का प्रतीक ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार आज अकीदत, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है. सुबह से ही शहर सहित ग्रामीण इलाकों में ईद की विशेष रौनक देखने को मिली. रंग-बिरंगे और पारंपरिक परिधानों में सजे मुस्लिम धर्मावलंबी बड़ी संख्या में शहर के मुख्य ईदगाह मैदान पहुंचे, जहां देश और दुनिया में अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं.

शहर काजी ने अदा करवाई नमाज, एक-दूसरे को दी मुबारकबाद

शहर के मुख्य ईदगाह मैदान में शहर काजी के इमामत में हजारों की संख्या में आए अकीदतमंदों ने एक साथ मिलकर ईद-उल-अजहा की विशेष सामूहिक नमाज अदा की. नमाज के मुकम्मल होने के बाद खुतबा पढ़ा गया और देश में खुशहाली व सौहार्द के लिए हाथ उठाए गए. नमाज के बाद ईदगाह परिसर में “ईद मुबारक” की सदाएं गूंज उठीं. लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की दिली मुबारकबाद दी. छोटे बच्चों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया.

प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का हुआ स्वागत

बकरीद के इस मुकद्दस मौके पर ईदगाह मैदान पर कौमी एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली. अंजुमन फुरकानिया के सदर खान शेद खान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया. कई राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन कैमरों से रखी गई नजर

त्योहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) बी. आदित्य के निर्देशन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. संवेदनशील इलाकों और ईदगाह के आसपास ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी गई. शहर के सभी प्रमुख चौराहों और रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से त्योहार को शांति, आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *