Headlines

प्रतापगढ़: छोटीसादड़ी में वकील के कथित अपहरण से सनसनी, 10 लाख की फिरौती और लूट का आरोप; मामला दर्ज

प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी कस्बे में एक अधिवक्ता के कथित अपहरण, बेरहमी से मारपीट, लूट और फिरौती मांगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित वकील की शिकायत पर छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से स्थानीय वकीलों और आमजन में भारी आक्रोश है.

रास्ते से जबरन वैन में डाला

पीड़ित अधिवक्ता अभिषेक सोलंकी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात को वह बालाजी मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बड़ीसादड़ी दरवाजे के पास पहले से घात लगाए बैठे एक वैन सवार हरिओम तेली और उसके साथियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में खींच लिया. आरोप है कि चलती गाड़ी में उनका मुंह दबाकर उन्हें बड़ीसादड़ी की ओर ले जाया गया, जहां सुनसान जगह पर उनके साथ जमकर मारपीट की गई.

लूटपाट और 10 लाख की फिरौती का आरोप

अधिवक्ता का आरोप है कि बदमाशों ने उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और गले की सोने की चेन छीन ली. इसके बाद आरोपियों ने उन्हें छोड़ देने के बदले 10 लाख रुपये नकद और 5 तोला सोना फिरौती के रूप में देने की मांग की. रकम न देने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी भी दी.

खुद ही थाने लेकर पहुंचे आरोपी

घटनाक्रम में मोड़ तब आया जब आरोपी पीड़ित को वापस छोटीसादड़ी होते हुए प्रतापगढ़ ले गए. रास्ते में मुख्य आरोपी हरिओम तेली ने अपने साथियों को उतार दिया और खुद पीड़ित वकील को लेकर प्रतापगढ़ कोतवाली पहुंच गया. वहां उसने उल्टा वकील पर ही मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. चूंकि मामला छोटीसादड़ी क्षेत्र का था, इसलिए दोनों को वहां भेजा गया, जहां मौका पाकर मुख्य आरोपी फरार हो गया.

पुलिस कर रही है जांच

छोटीसादड़ी थाना प्रभारी परवीन टांक ने बताया कि पीड़ित अधिवक्ता की रिपोर्ट पर आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ अपहरण, लूट और फिरौती की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *