राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में नशा तस्करों और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन का महा-बुलडोजर अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में आज अरनोद थाना क्षेत्र के नौगांवा गांव में पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके के हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर जरीन खान द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह से जमींदोज कर दिया.
तस्करी और हत्या सहित एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज
अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अरनोद थाने का हिस्ट्रीशीटर जरीन खान एक कुख्यात अपराधी है. उसके खिलाफ हत्या और मादक पदार्थ तस्करी सहित एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. जरीन खान हत्या के एक मामले में कोर्ट से सजायाफ्ता भी है। जरीन ही नहीं, बल्कि उसके तीनों बेटे—शाहरुख, अरबाज और सलमान भी पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए मादक पदार्थ तस्करी के गंभीर मामलों में आरोपी हैं.
भारी पुलिस जाब्ते के बीच दो हजार वर्गफीट का निर्माण ध्वस्त
पुलिस के अनुसार, इस शातिर तस्कर ने नौगांवा में सरकारी चारागाह भूमि पर करीब दो हजार वर्गफीट क्षेत्र में अवैध रूप से एक आलीशान मकान का निर्माण कर रखा था. प्रशासन की ओर से पूर्व में इस अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए जा चुके थे. आज तय योजना के अनुसार, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम भारी अमले के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से कुछ ही समय में पूरे अवैध निर्माण को नेस्तनाबूद कर दिया.
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में छह पुलिस थानों के जाब्ते के साथ-साथ रिजर्व पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात किया गया था. यह पूरी कार्रवाई अरनोद तहसीलदार नितिन मेरावत की मौजूदगी में बेहद शांतिपूर्वक और सख्ती के साथ संपन्न हुई.
महीनेभर में 5वीं कार्रवाई, अपराधियों में हड़कंप
प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और अपराधियों द्वारा काली कमाई से खड़ी की गई अवैध संपत्तियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा. गौरतलब है कि पिछले महज एक महीने के भीतर प्रतापगढ़ जिले में पुलिस-प्रशासन की यह पांचवीं बड़ी बुलडोजर कार्रवाई है, जिसके तहत अब तक करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां ध्वस्त की जा चुकी हैं. बैक टू बैक हो रही इन कार्रवाइयों से इलाके के अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों में जबरदस्त खौफ का माहौल है.

