बांसवाड़ा कुशलगढ़ कस्बे के टीमेड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरी की एक बेहद दुस्साहसी और बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. शातिर चोरों ने एक प्रतिष्ठित व्यापारी के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, 15 किलोग्राम चांदी और भारी मात्रा में नकदी समेत कुल 75 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया. इस बड़ी वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आमजन में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है.

सोते रहे दंपती, निर्माणाधीन हिस्से से घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, वारदात टीमेड़ा बस स्टैंड निवासी व्यापारी अशोक कुमार अग्रवाल पुत्र महावीर प्रसाद अग्रवाल के मकान में हुई. पीड़ित ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वारदात के वक्त वे अपनी पत्नी के साथ मकान के आगे वाले कमरे में सो रहे थे. घर के पिछले हिस्से में मगरी माता पहाड़ी की तरफ कुछ नए कमरों का निर्माण कार्य चल रहा है. चोरों ने इसी सूने और निर्माणाधीन रास्ते का फायदा उठाया और पिछले हिस्से से घर के भीतर दाखिल हो गए.
बदमाशों ने अंदर के दरवाजों की नकुची (कूंड़े) तोड़ दी और तिजोरी व अलमारियों को खंगाल डाला. तड़के करीब 3:30 बजे जब अशोक कुमार लघुशंका के लिए उठे, तो घर के तीन दरवाजे खुले देख उनके होश उड़ गए. अंदर जाने पर अलमारियों का सारा सामान बिखरा पड़ा था और पुश्तैनी जेवरात व नकदी गायब थे. शातिर चोर चांदी की एक गाय की मूर्ति को कांच के बॉक्स सहित उठाकर रसोई तक ले गए थे, जिसे वे वहीं छोड़ गए.
FSL और साइबर टीम एक्शन में, CCTV में दिखा संदिग्ध
चोरी की भनक लगते ही कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट्स और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया.
इसके साथ ही बांसवाड़ा साइबर टीम के अधिकारी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें मोबाइल टावर डंप और एक्टिव नंबर्स को खंगाला जा रहा है. थानाधिकारी सिसोदिया ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने पर रात करीब सवा 12 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति घर की तरफ आता हुआ दिखाई दिया है. पुलिस तकनीकी इनपुट्स के आधार पर चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
व्यापारियों में भारी आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग
इतनी बड़ी चोरी की खबर सुबह कस्बे में आग की तरह फैल गई. पीड़ित व्यापारी के आवास पर बजरंग भाई अग्रवाल, अशोक भाई, प्रीतेश भाई पडियार, राहुल भाई बटेब्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी जमा हो गए. व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी जताते हुए थानाधिकारी से कस्बे में रात्रि गश्त बढ़ाने और इस सनसनीखेज वारदात का जल्द से जल्द खुलासा कर माल बरामद करने की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है.

