Headlines

बांसवाड़ा: आनंदपुरी में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या का मामला, 4 महिलाओं समेत 9 आरोपी गिरफ्तार, जमीन विवाद में हुआ था खूनी संघर्ष

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में जमीन के मामूली विवाद को लेकर एक वृद्ध की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के कुशल निर्देशन में आनंदपुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 4 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को धर दबोचा है. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपने घरों में ताला लगाकर और मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे.

जमीन विवाद में हुआ था प्राणघातक हमला

पुलिस के अनुसार, यह खूनी संघर्ष 9 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे हुआ था. बावड़ी गांव में प्रार्थी सानूर और आरोपी पक्ष के बीच जमीन के एक टुकड़े को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पक्ष ने एक राय होकर लाठी-डंडों से लैस होकर सानूर और उसके परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया. इस हिंसक हमले में सानूर के परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

इलाज के दौरान दम तोड़ा, फरार हुए आरोपी

सभी घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदपुरी ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने महात्मा गांधी अस्पताल, बांसवाड़ा के लिए रेफर कर दिया. यहाँ इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल 58 वर्षीय सोहन (पिता कपुरा, जाति पटेल भील) ने 10 जुलाई को दम तोड़ दिया. वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी के डर से अंडरग्राउंड हो गए थे.

पुलिस का चक्रव्यूह: तकनीकी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

हत्या के मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों और उनके रिश्तेदारों के यहाँ लगातार दबिश दी. अंततः मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना और तकनीकी सहायता (साइबर सेल) के सहयोग से पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

इस टीम को मिली सफलता

इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिशुपालसिंह, एएसआई दिनेशचन्द्र, एएसआई बन्दुलाल (विशेष भूमिका), हेड कांस्टेबल भरत कुमार, महेशचन्द्र (विशेष भूमिका) सहित कांस्टेबल विमल, महिपालसिंह, चेतन, संजय, सुशील और कमलेश शामिल रहे. पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *