राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा उपखंड स्थित सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में एक बेहद अमानवीय और क्रूर कृत्य का मामला सामने आया है. यहाँ समाज के स्वघोषित पंचों ने शराबबंदी के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में एक युवक को पेड़ से रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की. इतना ही नहीं, युवक पर 11 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी ठोक दिया गया. इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई और 11 आरोपियों को डिटेन कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला मूल रूप से 12 मई का है. कमोल गांव के भील बस्ती निवासी चुनाराम गमेती ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट की थी. पिता-पुत्र के इस आपसी विवाद में अगले दिन समाज के कुछ रसूखदार लोगों ने दखलअंदाजी की और भील बस्ती में एक पंचायती (बैठक) बुलाई.
पेड़ से लटकाया और दी रोंगटे खड़े करने वाली सजा
बैठक में मौजूद पंचों ने चुनाराम पर समाज के ‘शराबबंदी नियम’ को तोड़ने का गंभीर आरोप मढ़ा. पंचों ने तुरंत फरमान सुनाते हुए पीड़ित चुनाराम पर 11 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगा दिया. सजा यहीं खत्म नहीं हुई; तालिबानी आचरण अपनाते हुए आरोपियों ने चुनाराम का एक पैर रस्सी से बांधा और उसे पेड़ पर उल्टा लटका दिया. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने लाठियों और डंडों से उसकी बर्बरता से पिटाई की. इस अमानवीय कृत्य के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस महकमे में हड़कंप, 11 आरोपी धरे गए
जैसे ही इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस और प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीवाईएसपी (DYSP) गोपाल चंदेल ने सायरा थाना पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित युवक को प्रताड़ित करने और अवैध रूप से जुर्माना वसूलने के आरोप में 11 नामजद आरोपियों को डिटेन (हिरासत में) कर लिया है. थानाधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

