प्रतापगढ़ दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर सियासी सरगर्मी तेज रही. जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहे पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया.
केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी और पुतला दहन

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह कुलथाना ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहे पर विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार व शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने चौराहे के बीचों-बीच प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.
“छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण”: रामलाल मीणा
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने भविष्य की न्यायसंगत मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों पर बल प्रयोग किया जाना लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय नेतृत्व—के.सी. वेणुगोपाल, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के निर्देशानुसार युवाओं की आवाज दबाने की इस कोशिश के खिलाफ देशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है. इसी कड़ी में प्रतापगढ़ में भी यह विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट पेपर लीक धांधली की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की. साथ ही मांग की गई कि पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि देश के लाखों परीक्षार्थियों का भविष्य सुरक्षित हो सके. प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

