डूंगरपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत कोतवाली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक लग्जरी इनोवा कार से 3.793 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करों द्वारा प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है.

नाकाबंदी के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, डीएसटी (DST) को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि बांसवाड़ा मार्ग से एक इनोवा कार में सवार दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर डूंगरपुर शहर की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना व डीएसटी प्रभारी मोहनपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी शुरू की.
इस दौरान संदिग्ध इनोवा कार को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो कार सवारों के कब्जे से एक प्लास्टिक की थैली में 3.793 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
शातिर अपराधी हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव (पुत्र कालूराम आमलिया, निवासी न्यू कॉलोनी, डूंगरपुर) और संजय उर्फ काली (पुत्र जीवा बरंडा, निवासी सियालदरी, डूंगरपुर) को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं. संजय उर्फ काली के खिलाफ पूर्व में 2 तथा गौरव के खिलाफ 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मादक पदार्थ की खेप और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार को जब्त कर लिया है. पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह ब्राउन शुगर कहाँ से लाई जा रही थी और शहर में इसकी सप्लाई किन्हें की जानी थी. इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश जारी है.

