Headlines

उदयपुर: भीण्डर में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या

उदयपुर जिले के भीण्डर कस्बे से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहाँ की सुख विहार कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन चार मंजिला आवासीय कॉम्प्लेक्स से कूदकर 12वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गंभीर रूप से घायल छात्रा की इलाज के दौरान उदयपुर में मौत हो गई.

स्कूल से घर लौटने के बजाय पहुंची निर्माणाधीन इमारत

जानकारी के अनुसार, भीण्डर निवासी नाबालिग छात्रा कस्बे के ही एक निजी विद्यालय में 12वीं कक्षा में अध्ययनरत थी. दोपहर करीब 1:45 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह सीधे घर जाने के बजाय सुख विहार कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन इमारत पर पहुंची. उसने अपनी स्कूटी बाहर खड़ी की और वहां काम कर रहे मजदूरों से कहा कि उसकी गेंद ऊपर चली गई है. बहाना बनाकर वह इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर पहुंच गई.

मजदूरों और राहगीरों के सामने घटी घटना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऊपरी मंजिल पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद छात्रा ने अचानक नीचे छलांग लगा दी. नीचे बने पक्के चबूतरे से टकराने के कारण वह बुरी तरह घायल हो गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और मजदूर तुरंत मौके पर एकत्र हुए और अचेत अवस्था में छात्रा को तत्काल भीण्डर अस्पताल लेकर पहुंचे.

प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर किया गया था रेफर

भीण्डर अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत उदयपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया. हालांकि, इलाज के दौरान घावों का ताव न सह पाने के कारण उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.

स्कूटी से मिला भावुक पत्र, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही भीण्डर थानाधिकारी मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जायजा लिया. पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक छानबीन के दौरान छात्रा की स्कूटी से एक पत्र (सुसाइड नोट) बरामद हुआ है. पत्र में लिखा था— “मेरे पापा-मम्मी की कोई गलती नहीं है. आई लव यू पापा-मम्मी.”

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और मामला दर्ज कर घटना के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *