Headlines

उदयपुर: सरकारी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, गुस्साए ग्रामीणों ने शिक्षक को धुना

उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक सरकारी स्कूल में पदस्थापित शिक्षक पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे ग्रामीण क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साय परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षक की जमकर धुनाई कर दी.

कॉपी जांचने के बहाने गलत हरकत का आरोप

जानकारी के अनुसार, घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है. आरोप है कि पीड़ित छात्रा जब कक्षा में अपनी कॉपी जांच कराने शिक्षक के पास पहुंची, तो शिक्षक ने नीयत खराब करते हुए उसके साथ अश्लील हरकत की. घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा चुप रही. शनिवार और रविवार को वीकेंड का अवकाश होने के कारण स्कूल बंद रहा, जिससे मामला सामने नहीं आ सका.

सोमवार को घर जाकर जताई आपबीती

सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब छात्रा घर पहुंची, तो उसने हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती सुनाई. मासूम बच्ची की बात सुनते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित होकर स्कूल परिसर पहुंच गए. ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी.

जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का दौरा

घटना की सूचना मिलते ही डबोक थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला. मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते तनाव को देखते हुए मावली विधायक पुष्करलाल डांगी और एसडीएम रमेश सिरवी भी तुरंत मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शिक्षक को हटाया, रिपोर्ट दर्ज

घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने त्वरित रुख अपनाते हुए आरोपी शिक्षक को स्कूल से हटा दिया है. पीड़ित छात्रा के परिजनों की तहरीर पर डबोक थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *