प्रतापगढ़ जिले के मगरौडा गांव स्थित ‘पीएम श्री’ विद्यालय में अध्यापकों की भारी कमी से परेशान छात्राओं का सब्र आखिरकार बुधवार को टूट पड़ा. विद्यालय में पढ़ाई व्यवस्था ठप होने से आक्रोशित छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल के बाहर उग्र प्रदर्शन किया और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और अभिभावक भी छात्राओं के समर्थन में मौके पर डटे रहे.
200 छात्राओं के लिए 9वीं से 12वीं तक सिर्फ 3 शिक्षक
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने बताया कि मगरौडा का यह विद्यालय वर्ष 2022 में क्रमोन्नत होकर पीएम श्री विद्यालय बना था, जहाँ वर्तमान में करीब 200 छात्राएं अध्ययनरत हैं. हैरानी की बात यह है कि कक्षा 1 से 8वीं तक के लिए केवल 5 शिक्षक तैनात हैं, जबकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की बालिकाओं को पढ़ाने के लिए पूरे स्कूल में मात्र 3 शिक्षक ही कार्यरत हैं. शिक्षकों के अधिकांश पद रिक्त होने के कारण बोर्ड परीक्षार्थियों सहित सभी छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है.
कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी छात्राएं
छात्राओं का कहना है कि शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए पूर्व में भी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला. बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई समाधान न होने पर आज छात्राओं को मजबूरन तालाबंदी का कदम उठाना पड़ा.
प्रदर्शनकारी छात्रा सीमा कुमारी ने बताया कि जब तक विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति नहीं हो जाती और जिला कलेक्टर स्वयं मौके पर आकर वार्ता नहीं करते, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा और आंदोलन जारी रहेगा.

