Headlines

डूंगरपुर: रामसागड़ा क्षेत्र में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, 2 युवकों की मौके पर मौत; 3 गंभीर घायल

डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र में गामड़ी अहाड़ा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

डेंडपम्प घाटी के पास हुई दर्दनाक घटना

रामसागड़ा थाने के एएसआई (ASI) चंदुलाल ने बताया कि नलवा निवासी दर्शन कोटेड की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, उनका बेटा अमित कोटेड (24) और रिश्तेदार का पुत्र पंकज (19) अपनी मोटरसाइकिल से बलवाड़ा से जालूकुआं की ओर जा रहे थे. उनके साथ ही दूसरी बिना नंबरी मोटरसाइकिल पर सतीश बरण्डा, कल्पेश डामोर और अनिल सवार होकर चल रहे थे.

गंगेश्वर महादेव मंदिर से थोड़ा आगे डेंडपम्प घाटी के पास अमित की बाइक अपनी सही दिशा में जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रही सतीश बरण्डा की तेज रफ्तार बिना नंबरी बाइक ने लापरवाही से चलाते हुए अमित की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

दो की मौके पर मौत, एक आरोपी घायल होकर फरार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित और पंकज सड़क पर काफी दूर जा गिरे. सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दूसरी बाइक सवार कल्पेश और अनिल भी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने वाला चालक सतीश बरण्डा मामूली चोट लगने के बाद मौके से फरार हो गया.

अस्पताल पहुंचाया, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस की मदद से मृतकों और घायलों को डूंगरपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने अमित और पंकज को मृत घोषित कर शव मॉर्च्युरी में रखवाए. गंभीर घायल कल्पेश और अनिल का इलाज जारी है.पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर फरार चालक की तलाश व जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *