डूंगरपुर जिले की चौरासी थाना पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. वारदात के बाद आरोपी विदेश (कुवैत) भाग गया था. हाल ही में उसके घर लौटने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गलन्दर के जंगलों से घेराबंदी कर उसे धर दबोचा.
3 साल पुराना है हत्या का मामला
चौरासी थानाधिकारी (CI) रतनलाल ने बताया कि घटना 7 सितंबर 2023 की है। सोनल (पुत्री मंजीलाल कटारा) ने मामला दर्ज कराया था कि वह अपने मित्र महेंद्र के साथ मोटरसाइकिल पर गैंजी गई थी. रास्ते में उसके चाचा नितेश कटारा, अनिल कटारा और बाबूलाल गरासिया ने उन्हें जबरन रोक लिया. इसके बाद तीनों आरोपियों ने लाठियों से महेंद्र पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी.
वारदात के बाद कुवैत भाग गया था आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य दो आरोपियों नितेश कटारा और अनिल कटारा को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. हालांकि, तीसरा आरोपी बाबूलाल गरासिया (निवासी गलन्दर) घटना के तुरंत बाद पहचान छिपाकर कुवैत भाग निकला था और वहीं फरारी काट रहा था.
घर लौटते ही पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा
हाल ही में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बाबूलाल कुवैत से वापस अपने गाँव लौटा है. सूचना मिलते ही चौरासी थाना पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी. पुलिस को देखते ही आरोपी पास के जंगलों की ओर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर गलन्दर के जंगलों से उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है.

