Headlines

डूंगरपुर: बिछीवाड़ा में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पेपर लीक मामले को लेकर फूंका पीएम मोदी का पुतला

नीट (NEET) जैसी बड़ी परीक्षाओं में धांधली और देश भर में 150 से अधिक पेपर लीक होने के विरोध में बुधवार को बिछीवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, डूंगरपुर जिलाध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा के निर्देशानुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की.

पैदल मार्च निकाल कर की नारेबाजी, बस स्टैंड पर फूंका पुतला

प्रदर्शन की शुरुआत दशा माता मंदिर से हुई, जहाँ से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता पीएम मोदी का पुतला लेकर उग्र नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च के रूप में निकले. विरोध मार्च धामोद-बिछीवाड़ा बस स्टैंड पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया. इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने डूंगरपुर-बिछीवाड़ा मुख्य मार्ग पर धरना दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. हालांकि, कुछ देर बाद आवागमन सुचारू करवा दिया गया.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पीएम से माफी की मांग

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के बावजूद सरकार जवाबदेही तय नहीं कर रही है. नेताओं ने मांग की कि—

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें.
  • शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बेगुनाह छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज मामले वापस लिए जाएं.
  • संसद में इस विषय पर चर्चा कराई जाए और प्रधानमंत्री देश के युवाओं से माफी मांगें.

प्रदर्शन में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष दीक्षांत पाटीदार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णराज सिंह चौहान, भरत शाह, मंडल अध्यक्ष संजय जोशी, जिला परिषद सदस्य गुलशन मनात, मीडिया प्रवक्ता अजीत लबाना, लक्ष्मीचंद यादव, अनिल कलासुआ, धनपाल तबियाड सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *