Headlines

उदयपुर: लकड़वास में वन विभाग का सफल रेस्क्यू, गौशाला की शिकायत पर पिंजरे में कैद हुआ पैंथर, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

उदयपुर जिले के लकड़वास गांव में पिछले कुछ दिनों से दहशत का कारण बना पैंथर आखिरकार वन विभाग के बिछाए जाल में फंस गया. बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे हनुमान मंदिर के पास, कल्याणजी वैष्णव के घर के पीछे लगाए गए पिंजरे में पैंथर कैद हो गया. पैंथर के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.

गायों के शिकार से गांव में फैला था खौफ

स्थानीय निवासियों के अनुसार, पैंथर पिछले कुछ दिनों से गांव की आबादी वाले इलाकों में लगातार देखा जा रहा था. इस दौरान उसने गांव की एक-दो गायों को अपना शिकार भी बनाया, जिससे ग्रामीणों और पशुपालकों में भारी भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था. रात के समय लोगों का घर से निकलना भी दुभर हो गया था.

माधव गौशाला की पहल पर हुई कार्रवाई

पैंथर की लगातार आवाजाही और मवेशियों पर हमलों को देखते हुए गांव की ‘माधव गौशाला’ प्रबंधन समिति ने तुरंत हरकत में आते हुए वन विभाग को लिखित शिकायत दर्ज कराई. गौशाला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया और पैंथर की संभावित आवाजाही वाले मार्ग—हनुमान मंदिर के पास—पिंजरा लगा दिया.

सुबह शिकार की तलाश में फंसा पैंथर

बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे जब पैंथर भोजन और शिकार की तलाश में घूम रहा था, तभी वह पिंजरे में रखे चारे (शिकार) के लालच में अंदर घुस गया और पिंजरे का दरवाजा बंद हो गया. पिंजरा सफल होने की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंची और पैंथर को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी व चिकित्सीय कार्रवाई शुरू कर दी.

पूर्व वार्ड पंच ने जताया आभार

मामले की जानकारी देते हुए लकड़वास के पूर्व वार्ड पंच दिनेश मेघवाल ने बताया, “पैंथर के आतंक से गांव के लोग काफी परेशान थे और मवेशी असुरक्षित थे. हमारी माधव गौशाला की शिकायत पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंजरा लगाया, जो आज सफल रहा. इसके लिए हम वन विभाग की टीम का धन्यवाद व्यक्त करते हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *