Headlines

बांसवाड़ा: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस का बड़ा एक्शन, 540 ग्राम गांजा और 5 हरे पौधे जब्त, एक गिरफ्तार

बांसवाड़ा सज्जनगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान और ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बांसवाड़ा जिले की सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से 540 ग्राम अवैध सूखा गांजा और खेत में उगाए गए गांजे के 5 बड़े हरे पौधे जब्त किए हैं. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

आंगन के पास खेत में चल रही थी गांजे की खेती

सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था. गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कालू (65) पुत्र खातरा मईडा, निवासी आमलीपाड़ा के रिहायशी मकान पर दबिश दी. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 540 ग्राम अवैध सूखा गांजा (सूखे पत्ते व बीज सहित) बरामद हुआ.

इसके साथ ही जब पुलिस ने घर के आसपास छानबीन की, तो मकान के आंगन से सटे खेत में 5 बड़े-बड़े गांजे के हरे पौधे लहराते हुए मिले. आरोपी अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा था. पुलिस ने तुरंत प्रभाव से सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया और आरोपी कालू मईडा को गिरफ्तार कर लिया.

मामले की जांच जारी, टीम की सराहना

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है. इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल अरविंद वाणेसा, प्रसन्न और महेश शामिल रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *