जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार ने शुक्रवार को पुलिस थाना कुआं का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और लंबित प्रकरणों, कानून व्यवस्था, पुलिस रिकॉर्ड, मालखाना, हथियार तथा पुलिस संसाधनों की समीक्षा की. एसपी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में असामाजिक व संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और फरियादियों से संवेदनशीलता व सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए.

युवा सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद और सुरक्षा पर चर्चा
निरीक्षण के बाद एसपी ने कुआं थाना सर्कल के युवा सीएलजी (CLG) सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक में यातायात नियमों की पालना, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई. एसपी ने युवाओं को खुद यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिजनों व परिचितों को भी इसके प्रति प्रेरित करने की अपील की.
‘जान है तो जहान है’ अभियान: 101 हेलमेट का वितरण
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राजकीय विद्यालय चिखली में ‘जान है तो जहान है’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें विद्यार्थियों और आमजन को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 101 हेलमेट वितरित किए गए.
मुख्यमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद में उठी जागरूकता की बात
इसके पश्चात नए जुड़े युवा सीएलजी सदस्यों ने राज्य के मुख्यमंत्री के साथ आयोजित वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में भाग लिया. डूंगरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए कांता देवी राणा ने मुख्यमंत्री से संवाद किया. उन्होंने महिला जागरूकता, समाज सुधार, अपराधों पर रोकथाम और सड़क हादसों में कमी लाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया.
पुलिस प्रशासन के अनुसार, डूंगरपुर जिले में अब तक 131 नए सीएलजी सदस्य जुड़े हैं. वर्तमान में करीब 2,300 सीएलजी सदस्य और 1,925 ‘वागड़ वीर’ युवा सीएलजी सदस्य पुलिस के साथ मिलकर कानून व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता में अपना सक्रिय योगदान दे रहे हैं.

