डूंगरपुर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल गैप सागर झील की पाल पर असामाजिक तत्वों की करतूत से हड़कंप मच गया है. सिरफिरे और उपद्रवी तत्वों ने परिसर में सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाते हुए सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए गमलों को फोड़ दिया और शहर की शान कहे जाने वाले ‘आई लव डूंगरपुर’ सेल्फी पॉइंट बोर्ड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
घाट पर फैली गंदगी और मलबा
नगर परिषद द्वारा गैप सागर झील की पाल पर तैनात केयरटेकर देवीलाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि किसी अज्ञात अथवा सिरफिरे व्यक्ति ने घाट पर कतारबद्ध रखे पौधों के गमलों को निशाना बनाया. गमलों को इतनी बेदर्दी से तोड़ा गया कि पूरे घाट, पैदल पथ और सीढ़ियों पर मिट्टी, पौधे और कांच-मिट्टी के टुकड़े फैल गए। इस तोड़फोड़ के कारण पूरे पर्यटन स्थल पर गंदगी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
‘आई लव डूंगरपुर’ सेल्फी पॉइंट भी निशाना
झील पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र ‘आई लव डूंगरपुर’ का बोर्ड भी असामाजिक तत्वों के कोपभाजन से नहीं बच सका. उपद्रवियों ने इस बोर्ड को नुकसान पहुंचाकर शहर के गौरव को ठेस पहुंचाई है. केयरटेकर ने तत्काल प्रभाव से पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक सूचना नगर परिषद प्रशासन और उच्च अधिकारियों को सौंप दी है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
शहर के दिल कहे जाने वाले गैप सागर झील पर हुई इस तोड़फोड़ के बाद स्थानीय निवासियों और शहरवासियों में भारी रोष देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि शहर के सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक संपत्तियों को इस तरह नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय निकाय से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर असामाजिक तत्वों की पहचान की जाए और उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

