डूंगरपुर आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. डूंगरपुर नगरपरिषद चुनाव के तहत शहर की ऐतिहासिक गैप सागर झील की पाल पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन व चुनावी जनसभा के साथ भाजपा ने अपने चुनावी अभियान का शंखनाद किया.

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि डूंगरपुर में विपक्ष के पास जनता के सामने जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है. वे भ्रामक प्रचार, आपसी विवाद और दुष्प्रचार का सहारा लेकर संशय पैदा करने की कोशिश करेंगे, लेकिन कार्यकर्ता किसी के बहकावे में न आएं.
40 की 40 सीटें जीतने का लक्ष्य
प्रभारी मंत्री ने टिकट वितरण और संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव में टिकट किसी एक ही प्रत्याशी को मिलता है, लेकिन सभी कार्यकर्ताओं का ध्येय मातृभूमि और समाज की सेवा होना चाहिए. उन्होंने मंच से आह्वान करते हुए कहा कि नगरपरिषद में लगातार आठवीं बार बोर्ड बनाने के लिए भाजपा को 40 की 40 सीटों पर जीत दर्ज करानी है.
2047 तक ‘विकसित भारत’ का विजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन को रेखांकित करते हुए खराड़ी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र और विश्व की प्रमुख महाशक्ति बनाना ही मूल लक्ष्य है. उन्होंने स्थानीय स्तर की सभी समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान और क्षेत्र के विकास को तेज गति देने का भरोसा दिलाया.
इस अवसर पर संगठन जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, चुनाव प्रभारी वंदना मीणा, पूर्व राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन सिंह और जिला अध्यक्ष अशोक पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
स्थानीय निकायों के चुनाव, नामांकनों, मतदेय स्थलों एवं निर्वाचन प्रक्रियाओं से जुड़ी नवीनतम गाइडलाइन्स और घोषणाओं के लिए मतदाता राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग (Sec Rajasthan) की पोर्टल साइट पर विजिट कर सकते हैं.

