प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा कस्बे में सोमवार रात बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों की नगदी और कीमती सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित परिवार रिश्तेदार के यहां वास्तु पूजन कार्यक्रम में गया हुआ था. सुबह पड़ोसियों की सूचना पर चोरी की इस वारदात का खुलासा हुआ.

वास्तु कार्यक्रम में गया था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुहागपुरा निवासी राजेश-राधावल्लभ सोनी सोमवार शाम परिवार सहित धरियावद में रिश्तेदार के यहां आयोजित मकान के वास्तु कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने सूने घर का मुख्य ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया.
लाखों की नकदी व जेवरात चोरी पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने घर से:
- नकद राशि: 1 लाख 85 हजार रुपये नकद, गुल्लक में रखे 8 से 10 हजार रुपये, दस्तूर के 13 हजार रुपये और पत्नी के 15 हजार रुपये (कुल करीब 2.20 लाख रुपये नकद).
- चांदी: गिरवी रखी 1.5 किलो चांदी की कातरिया, हाकरी व बड़ेलिया तथा घर की 200 से 250 ग्राम चांदी.
- सोना: 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, 5 ग्राम के कान के सेलर और 3 ग्राम की सोने की अंगूठी चुरा ली.
दो अन्य मकानों में भी चोरी का प्रयास
मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे पड़ोसियों ने टूटे दरवाजे देखकर परिवार को सूचना दी. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने रात में आसपास के दो अन्य मकानों को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन एक में कुछ न मिलने और दूसरे में परिजनों के जाग जाने के कारण भाग खड़े हुए.
पुलिस व स्पेशल टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाना अधिकारी कमलचंद मीणा पुलिस टीम के साथ पहुंचे. प्रतापगढ़ एसपी कार्यालय से स्पेशल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चोरों की तलाश में जुट गई है.

