Headlines

डूंगरपुर: निकाय चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, निवर्तमान पार्षद डायालाल पाटीदार समर्थकों संग कांग्रेस में शामिल

डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. शहर के वार्ड संख्या 2 से भाजपा के निवर्तमान पार्षद डायालाल पाटीदार ने पार्टी की नीतियों और स्थानीय उपेक्षा से नाराज होकर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया है.

कांग्रेस के चुनावी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष व डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा ने डायालाल पाटीदार और उनके समर्थकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करवाई.

कांग्रेस में शामिल होने के बाद डायालाल पाटीदार ने भाजपा नेतृत्व पर तीखे हमले बोले।.उन्होंने कहा कि वे और उनका समाज पिछले 35 वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्पित थे. इसके बावजूद पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की गई. वार्ड में पानी, बिजली, नाली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की सुनवाई बंद हो चुकी है और बाहरी ‘पैराशूट उम्मीदवारों’ को जबरन थोपकर तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है.

इस अवसर पर विधायक गणेश घोगरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी धरातल पर काम करने के बजाय केवल झूठे वादे करती है और धर्म-जाति के नाम पर बांटने की राजनीति करती है. उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास अब भाजपा से उठ चुका है और क्षेत्र का वास्तविक विकास केवल कांग्रेस ही कर सकती है. घोगरा ने विश्वास जताया कि जनता के इसी समर्थन के बल पर आगामी नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस अपना बोर्ड बनाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *