डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 35 वार्डों वाली इस नगरपालिका में कुल 99 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन बागियों और त्रिकोणीय समीकरणों ने प्रमुख राजनीतिक दलों की नींद उड़ा दी है.
35 वार्डों का चुनावी समीकरण
नगरपालिका के कुल 35 वार्डों में मुकाबला अलग-अलग नजर आ रहा है:
- सीधी टक्कर (12 वार्ड): वार्ड संख्या 5, 10, 14, 15, 21, 22, 23, 24, 26, 27, 28 और 32 में भाजपा और कांग्रेस के बीच आमने-सामने का सीधा मुकाबला है.
- त्रिकोणीय मुकाबला (18 वार्ड): भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की एंट्री से वार्ड संख्या 2, 3, 8, 11, 12, 16, 29, 30, 31, 34 और 35 सहित कुल 18 वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. BAP की मौजूदगी से बेहद करीबी नतीजों की संभावना है.
- निर्दलीयों का प्रभाव: 4 वार्डों में 4-4 प्रत्याशी और 1 वार्ड में 5 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे वोटों का बिखराव होना तय है.
भाजपा के लिए बागियों की बड़ी चुनौती
भाजपा के लिए सबसे चिंताजनक स्थिति पार्टी के भीतर से उपजी बगावत है. टिकट कटने से नाराज कार्यकर्ताओं ने वार्ड संख्या 1, 6, 7, 9, 13, 17, 18, 19, 20, 25 और 33 (कुल 12 वार्ड) में निर्दलीय के तौर पर ताल ठोक दी है.
पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने खड़े ये बागी भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगा सकते हैं. हालांकि, स्थानीय भाजपा नेताओं का दावा है कि संगठन मजबूत है और बोर्ड भाजपा का ही बनेगा. दूसरी ओर, कांग्रेस इस गुटबाजी का सीधा सियासी फायदा उठाने की उम्मीद में है.

