डूंगरपुर प्रशासन की पहुंच आमजन तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर देशल दान ने गुरुवार रात झोथरी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत करावाड़ा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका कलेक्टर ने मौके पर ही समाधान करने और अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए.

पानी, सड़क और सिंचाई के मुद्दों पर रहा जोर
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं का अंबार लगा दिया. मुख्य रूप से पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए नए हैंडपंप खुदवाने, गांव की मुख्य सड़कों का डामरीकरण करवाने और लघु सिंचाई परियोजनाओं के तहत पुराने तालाबों की मरम्मत करवाने की मांग प्रमुखता से उठी. इसके अलावा पोहरी पटेलन क्षेत्र में लंबे समय से अटके नाली निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण करवाने की भी गुहार लगाई गई.
जिला कलेक्टर श्री देशल दान ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही तथ्यात्मक जानकारी मांगी. उन्होंने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े इन कार्यों का निस्तारण केवल कागजों में न होकर धरातल पर गुणवत्ता के साथ होना चाहिए.
योजनाओं की जानकारी और प्रतिभाओं का सम्मान
चौपाल में उपस्थित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. ग्रामीणों को बताया गया कि वे किस प्रकार पेंशन, पालनहार और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं. इस दौरान कलेक्टर ने गांव के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित भी किया.


प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, सीमलवाड़ा उपखंड अधिकारी विवेक कुमार गुर्जर ‘सुबोध’, झोथरी तहसीलदार नितेश कुमार पंचोली और विकास अधिकारी सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. ग्राम पंचायत प्रशासक बबली देवी खराड़ी और सीमलवाड़ा प्रधान कारीलाल ननोमा ने भी स्थानीय विकास कार्यों को लेकर कलेक्टर को फीडबैक दिया.

