डूंगरपुर जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण निर्माण के लिए डूंगरपुर पुलिस ने कमर कस ली है. जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इस कार्रवाई के दौरान छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने वाले 09 मनचलों को हिरासत में लिया गया है.
ऑपरेशन से बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, जिले के समस्त स्कूल, कॉलेजों, बस स्टैंड, पार्क और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने ‘डिकॉय’ (छद्म रूप) में निगरानी रखी. इस ऑपरेशन के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और स्थानीय थानों की महिला पुलिसकर्मियों को सिविल कपड़ों में आम नागरिकों की तरह तैनात किया गया था. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई करना है.
इन थानों में हुई कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने राह चलती छात्राओं और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने, अश्लील टिप्पणियां करने और बेवजह परेशान करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोला. इस कार्रवाई में:
- बिछीवाड़ा, साबला, चौरासी थाना और कालिका यूनिट द्वारा अब तक कुल 09 मनचलों को डिटेन किया गया है.
- 02 नाबालिगों को पकड़कर आवश्यक हिदायत दी गई और उन्हें उनके अभिभावकों के सुपुर्द किया गया.
- वारदात के दौरान उपयोग में ली जा रही 01 पावर बाइक को भी पुलिस ने डिटेन किया है.
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में महिलाओं की अस्मिता और गरिमा को बनाए रखना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. जिला पुलिस का यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा ताकि असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ और आमजन में विश्वास बना रहे.

