Headlines

डूंगरपुर: धार्मिक कार्यक्रम में गया था परिवार, पीछे से सूने मकान में चोरों ने बोला धावा; लाखों के जेवर पार

डूंगरपुर शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ‘फौज का बडला’ इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की यह वारदात उस समय हुई जब घर का ताला लगा हुआ था और पूरा परिवार एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने शहर से बाहर गया हुआ था.

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

पीड़िता स्नेह लता पत्नी महेंद्र जैन ने बताया कि वह अपने पति के साथ बीते 12 मई को भबराना में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने गई हुई थीं. मकान सूना पाकर चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मुख्य द्वार के बजाय घर की छत को चुना और ऊपर के गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर दाखिल हुए. शातिर चोरों ने बाहर से कोई शक न हो, इसके लिए मुख्य गेट को अंदर से कुंडी लगा दी थी.

अलमारी खंगालकर ले उड़े मंगलसूत्र और नकदी

गुरुवार शाम को जब जैन दंपति वापस घर लौटे और मुख्य गेट खोलने का प्रयास किया, तो गेट अंदर से बंद मिला. अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसियों को बुलाया गया और छत के रास्ते घर में प्रवेश किया गया. अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए; दो कमरों का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. जांच करने पर अलमारी में रखा करीब ढाई तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र, लगभग 7 हजार रुपये की नकदी और अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी गायब मिली.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस टीम अब मोहल्ले और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके. शहर के बीचों-बीच हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *