डूंगरपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को डूंगरपुर जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दोवड़ा थाने के एक हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते हुए दबोचा है. एसीबी ने हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार और कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया. पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वत लेने के बाद भागने की कोशिश भी की गई, लेकिन एसीबी ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा.
लोकेट ऐप ठगी मामले में मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी ने 18 जनवरी को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी. परिवादी ने आरोप लगाया था कि ‘लोकेट ऐप’ के माध्यम से हुई ठगी के एक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने और कार्रवाई को दबाने के बदले में दोनों पुलिसकर्मी भारी रिश्वत की मांग कर रहे थे. एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया, जो सही पाया गया.
रिश्वत लेकर कार से हुए फरार, होटल के पास दबोचे गए
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी कार्रवाई के दौरान जैसे ही पुलिसकर्मियों ने रिश्वत की राशि (1.50 लाख रुपए) ली, वे वहां से कार लेकर फरार हो गए. एसीबी की टीम ने उनका पीछा किया और पुनाली के आगे एक होटल के बाहर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। एसीबी की टीम अब रिश्वत की राशि बरामद करने का प्रयास कर रही है, जो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से संभवतः कहीं छुपा दी या फेंक दी है.
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
थाने के दो जवानों की एक साथ गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. एसीबी की टीम अब आरोपियों के आवास और अन्य ठिकानों की भी तलाशी ले सकती है. एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस रिश्वत कांड में क्या कोई और भी शामिल है.

