Headlines

डूंगरपुर: दोवड़ा में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, एक युवक की दर्दनाक मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल

डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवसोमनाथ गांव के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है. यहाँ दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई.

आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गड़ा कुम्भारिया निवासी कपिल रोत अपनी बाइक पर सवार होकर घर की ओर लौट रहा था. इसी दौरान देवसोमनाथ के निकट सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े.

अस्पताल में युवक को घोषित किया मृत

हादसे में कपिल रोत के साथ-साथ दूसरी बाइक पर सवार भरत कलासुआ और कपिल कलासुआ (निवासी कलारिया) गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने सघन जांच के बाद कपिल रोत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भरत और कपिल कलासुआ का उपचार जारी है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जमा हो गई और कोहराम मच गया. पुलिस ने मृतक कपिल रोत के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. दोवड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *