डूंगरपुर जिले में माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है. टीम ने नांदली गांव में अवैध रूप से संचालित क्वार्ट्ज पत्थर के खनन पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक ट्रेलर को जब्त किया है. साथ ही, मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है.
आधी रात को पहाड़ियों में गूंज रही थी मशीनों की आवाज
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नांदली गांव के पहाड़ी क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर क्वार्ट्ज पत्थर का अवैध खनन किया जा रहा है. सूचना पर टीम ने देर रात जब पहाड़ी क्षेत्र में दबिश दी, तो वहां मशीनों के चलने की आवाज सुनाई दी. मौके पर जाकर देखा तो एक जेसीबी मशीन से पहाड़ खोदकर ट्रेलर में पत्थर भरा जा रहा था. पुलिस को देख मौके पर हड़कंप मच गया.
दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन आसपुर पुलिस को सुपुर्द
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
- ओकार पुत्र शंकरलाल मीणा (ट्रेलर चालक), निवासी क्याऊ झल्लारा.
- भगवती पुत्र कालूजी (जेसीबी चालक), निवासी सामोड़ा के रूप में हुई है.
डीएसटी टीम ने मौके से क्वार्ट्ज पत्थर से भरा ट्रेलर और खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया है. पकड़े गए दोनों आरोपियों और वाहनों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आसपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा ‘ऑपरेशन पृथ्वी’
एसपी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले के प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुँचाने वाले और राजस्व की चोरी करने वाले खनन माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत ऐसी कार्रवाईयां जिले भर में लगातार जारी रहेंगी. पुलिस अब आरोपियों से यह पूछताछ कर रही है कि इस अवैध खनन के पीछे मुख्य सरगना कौन है और यह माल कहाँ सप्लाई किया जाना था.

