डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के देवल मनात फला गांव में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहाँ एक बुजुर्ग का शव उनके घर के आंगन में खाट पर लहूलुहान हालत में मिला. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मजदूरी से लौटा बेटा तो उड़े होश
सदर थाना अधिकारी (CI) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र धुला मनात ने रिपोर्ट दर्ज कराई है. धुला शुक्रवार सुबह मजदूरी के लिए देवल गया था. उस समय उसके पिता शंकर मनात गांव के ही शांतिलाल कोटेड के साथ घर पर बैठे बातचीत कर रहे थे. शाम को जब धुला वापस लौटा, तो नजारा खौफनाक था। निर्माणाधीन कमरे के बाहर खाट पर उसके पिता शंकर का शव पड़ा हुआ था.
शरीर पर चोट के गहरे निशान
मृतक के सिर, गले और सीने पर किसी धारदार या भारी वस्तु से वार किए गए थे. अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। धुला ने तुरंत अपने बड़े भाई बाबूलाल और पुलिस को सूचना दी. रात को ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट किया.
गांव के ही युवक पर हत्या का संदेह
शनिवार सुबह मोर्चरी के बाहर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. परिजनों ने गांव के ही शांतिलाल कोटेड (निवासी बटका फला देवल) पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि आखिरी बार शंकर को शांतिलाल के साथ ही देखा गया था. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.
पुलिस की कार्रवाई
सदर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है. सीआई शैलेंद्र सिंह के अनुसार, “प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है. परिजनों ने जिन पर शक जताया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

