राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत पुलिस ने एक कंटेनर से 118 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है. पकड़े गए नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को भी दबोचा है.
परचूनी सामान की आड़ में हो रही थी तस्करी
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि नशा मुक्त डूंगरपुर अभियान के तहत मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में डोडा चूरा की तस्करी की जा रही है. सूचना पर कार्रवाई करते हुए रतनपुर बॉर्डर पर कड़ी नाकाबंदी की गई। जब संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई, तो ऊपर परचूनी (किराना) का सामान भरा हुआ मिला. लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की, तो सामान के पीछे छिपाकर रखे गए 10 कट्टों में 118 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ.
3 आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने न केवल अवैध मादक पदार्थ जब्त किया, बल्कि तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को भी सीज कर दिया है. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
सीआई कैलाश सोनी के नेतृत्व में पुलिस की टीम अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है. पुलिस का मुख्य फोकस अब इन सवालों पर है:
- नशे की यह बड़ी खेप कहाँ से लोड की गई थी?
- गुजरात या अन्य राज्यों में इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था?
- इस तस्करी के पीछे मुख्य सरगना कौन है?
डूंगरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है. ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत आने वाले दिनों में पुलिस अपनी कार्रवाई और तेज कर सकती है.

