राजस्थान के डूंगरपुर जिले में नेशनल हाईवे-48 पर बीती रात अपराधियों का तांडव . बिछीवाड़ा थाना इलाके के बरोठी के पास बदमाशों ने मुंबई के दो फोटोग्राफर्स और उनके ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटपाट की. बदमाशों ने चाकू, तलवार और पत्थरों से हमला कर ड्राइवर को लहूलुहान कर दिया और कार, कैश व कीमती कैमरे लेकर फरार हो गए.
घटना का घटनाक्रम: पेट्रोल खत्म होना पड़ा भारी
पुलिस के अनुसार, उदयपुर निवासी ड्राइवर अमरसिंह सिसोदिया मुंबई के फोटोग्राफर किरण पंवार और अमय कुमार को लेकर अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे. रविवार रात करीब 2 बजे बरोठी के पास अचानक कार का पेट्रोल खत्म हो गया. ड्राइवर अमरसिंह कार को किनारे खड़ी कर पास के पंप से पेट्रोल लेने गया, जबकि दोनों फोटोग्राफर कार में ही बैठे रहे.
नकाबपोश बदमाशों ने बोला धावा
ड्राइवर के जाते ही एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. उन्होंने फोटोग्राफर्स को चाकू और तलवार दिखाकर डराया और मारपीट शुरू कर दी. बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर कार से नीचे उतार दिया और तलाशी लेकर बैग से 20 हजार रुपये, लैपटॉप, महंगे कैमरे और घड़ी लूट ली.
ड्राइवर पर जानलेवा हमला
जब ड्राइवर अमरसिंह पेट्रोल लेकर वापस लौटा, तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया. अमरसिंह ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर तलवार से वार किया. हमले में बाल-बाल बचे ड्राइवर के सिर पर बदमाशों ने पत्थर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी बीच बदमाशों के तीन और साथी वहां पहुंच गए और सभी मिलकर लूट का सामान और पेट्रोल डालकर कार लेकर फरार हो गए.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस की गश्त टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर पथराव करते हुए निकल भागे. डूंगरपुर डीएसपी तपेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ितों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी कर टीम भेजी गई है.

