डूंगरपुर शहर की पॉश कॉलोनी शास्त्री कॉलोनी में बुधवार सुबह एक भीषण हादसा होते-होते बचा. रेत से भरा एक डंपर चढ़ाई चढ़ते समय अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर रिवर्स (पीछे) लुढ़क गया और एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया. इस हादसे की चपेट में आने से राहगीर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है.
चढ़ाई पर हुआ हादसा, मकान की दीवार ढही
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे रेत से लदा एक डंपर शास्त्री कॉलोनी की चढ़ाई चढ़ रहा था. इसी दौरान अचानक डंपर के ब्रेक फेल हो गए और वह बेकाबू होकर पीछे की ओर ढलान पर दौड़ने लगा. डंपर पूर्व पार्षद नीलम श्रीमाल के मकान की दीवार और सीढ़ियों से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा ढह गया और तेज धमाके के साथ पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
राहगीर महिला आई चपेट में, चालक फरार
जिस वक्त डंपर पीछे की ओर लुढ़क रहा था, काकरादरा निवासी सुरता वहां से पैदल गुजर रही थीं. अनियंत्रित डंपर ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर डंपर चालक मौके से फरार हो गया. घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहाँ उनका उपचार जारी है.
बड़ा हादसा टला, पुलिस ने डंपर किया जब्त
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त मकान में फंसे डंपर को बाहर निकलवाया और उसे थाने में खड़ा करवाया है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गनीमत रही कि उस समय सड़क पर आवाजाही कम थी और घर के सदस्य अंदर थे, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था. पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है.

