डूंगरपुर शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार तहसील चौराहे पर बीती रात शातिर चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने एक किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब 2 लाख रुपये की नकदी पार कर दी. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
सुबह दुकान पहुँचने पर खुला राज
जानकारी के अनुसार, तहसील चौराहे पर स्थित ‘विजय किराणा स्टोर’ के मालिक मयंक जैन जब बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था. जब मयंक ने कैश काउंटर (गल्ला) चेक किया, तो उसमें रखे 2 लाख रुपये गायब थे.
CCTV में नजर आया शातिर चोर
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी का तरीका सामने आया. फुटेज में एक संदिग्ध युवक दुकान के अंदर घुसकर इत्मीनान से तलाशी लेता और नकदी समेटता हुआ दिखाई दे रहा है. पीड़ित दुकानदार ने तुरंत इस संबंध में कोतवाली थाना पुलिस को सूचित किया.
पुलिस कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है. हालांकि, शहर के बीचों-बीच और व्यस्त चौराहे पर हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है. स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है. व्यापारियों का कहना है कि अगर मुख्य चौराहों पर ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य इलाकों का क्या हाल होगा.
पुलिस का पक्ष: कोतवाली पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर चोर की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

