डूंगरपुर। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (IPS) के निर्देशन में डूंगरपुर पुलिस की विशेष कार्य बल (DST) टीम ने अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध क्वार्ट्ज पत्थर और बजरी के अवैध परिवहन में शामिल एक डंपर, एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को डिटेन किया है.
जाखम नदी में देर रात की गई छापेमारी

पहली कार्रवाई निठाउवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कनोडिया गांव के पास स्थित जाखम नदी में की गई. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंधेरे का फायदा उठाकर नदी के पेटे से अवैध बजरी का खनन किया जा रहा है. सूचना पर पहुंची DST टीम को देखकर खनन में लगे वाहन नदी के दूसरी तरफ भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दो बिना नंबरी ट्रैक्टर और एक जेसीबी को गांव में ही घेर कर पकड़ लिया. इन सभी वाहनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए निठाउवा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
अवैध क्वार्ट्ज से भरा डंपर पकड़ा गया

दूसरी कार्रवाई आसपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहाँ झरियाण गांव से आसपुर की ओर आ रहे एक डंपर को टीम ने रुकवाया. जांच के दौरान डंपर में अवैध क्वार्ट्ज पत्थर भरा पाया गया. पुलिस ने डंपर को तुरंत डिटेन कर लिया और इसे आसपुर थाने को सौंप दिया गया है.
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
जिला पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई को DST टीम प्रभारी पु.नि. श्री मदन लाल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. टीम में हेड कांस्टेबल मोहनपाल सिंह, कांस्टेबल मदन, जितेंद्र और गौरव शामिल थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन और माफियाओं के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी.

