राजस्थान के डूंगरपुर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. सागवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 927A पर गोवाड़ी के पास एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में ऑटो सवार दो महिलाओं (देवरानी-जेठानी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, गामड़ा ब्राह्मणिया निवासी विष्णु बामनिया, अपनी पत्नी लक्ष्मी (42) और भाभी शारदा (45) पत्नी कचरू बामनिया के साथ ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. रविवार रात करीब 9 बजे जब वे सागवाड़ा बाईपास पर गोवाड़ी के समीप ‘गामड़ा मोड़’ पर पहुँचे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनके ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलटा और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में लक्ष्मी और शारदा को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, विष्णु बामनिया को लहूलुहान हालत में स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही सागवाड़ा थानाधिकारी सीआई मनीष खोईवाल और एसआई अश्विनी कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से घायल विष्णु को सागवाड़ा के राजकीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है. पुलिस ने दोनों मृतकाओं के शवों को कब्जे में लेकर सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
आज होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में दोनों महिलाओं के शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. इस घटना के बाद से गामड़ा ब्राह्मणिया गांव में मातम पसरा हुआ है. एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से परिजनों का बुरा हाल है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. चश्मदीदों का कहना है कि कार की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा.

