Headlines

डूंगरपुर : सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक, पत्नी और भाभी की मौत; 14 बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बोरी गांव के पास गुरुवार रात एक ट्रॉले और बाइक की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई. इस हादसे ने न केवल एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि दो परिवारों के 14 बच्चों को अनाथ कर दिया है.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, ढेड़को का वेला निवासी मगनलाल खराड़ी (50), जो प्राथमिक विद्यालय पारगी फला नेगाला में सरकारी शिक्षक थे, अपने ससुराल हिराता गोलआंबा में एक शादी समारोह में गए थे. गुरुवार रात करीब 8 बजे वे अपनी पत्नी विमला (45) और चचेरी भाभी ललिता (45) के साथ बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे.

बोरी मोड़ के पास आगे चल रहे एक ट्रॉले ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे मगनलाल की बाइक पीछे से उसमें जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक मगनलाल और उनकी पत्नी विमला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

भाभी ने उदयपुर में तोड़ा दम, 3 साल पहले खोया था पति

हादसे में गंभीर रूप से घायल ललिता को पहले डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया. दुर्भाग्यवश, शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान ललिता ने भी दम तोड़ दिया. बता दें कि ललिता के पति विश्राम खराड़ी की तीन साल पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद ललिता ही अकेले अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं.

मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़: 14 बच्चे हुए अनाथ

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि अब इन दोनों परिवारों के कुल 14 बच्चों के सिर से साया उठ गया है:

  • शिक्षक मगनलाल के 7 बच्चे: जिनमें 5 बेटियां और 2 बेटे हैं। 3 बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि 4 बच्चे अभी अविवाहित हैं.
  • ललिता के 7 बच्चे: इनके भी 5 बेटियां और 2 बेटे हैं। पिता को पहले ही खो चुके इन बच्चों ने अब अपनी माँ को भी खो दिया है.

पुलिस कार्रवाई

कोतवाली थाने के एसआई रमेशचंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है. ट्रॉले को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एक साथ तीन अर्थियां उठने से पूरे ढेड़को का वेला गांव में चूल्हा तक नहीं जला और हर आंख नम है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *