डूंगरपुर जिले के धंबोला कस्बे में धुलेंडी के त्योहार के दिन एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर न केवल राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया, बल्कि एक रिहायशी मकान का लोहे का गेट तोड़कर अंदर जा घुसी. इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया.
तेज रफ्तार बनी काल: पहले राहगीरों को टक्कर, फिर मकान में घुसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुलेंडी का पर्व होने के कारण क्षेत्र में चहल-पहल थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. बेकाबू कार ने सड़क किनारे मौजूद तीन लोगों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े.
इतना ही नहीं, टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और आईटीआई कॉलेज के पास स्थित लाला यादव के मकान की दीवार और लोहे के मुख्य दरवाजे (Main Gate) को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का भारी-भरकम गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तेज धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बाल-बाल बचा परिवार
हादसे के वक्त लाला यादव के परिवार के सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे. गनीमत रही कि कार घर के भीतरी कमरों तक नहीं पहुँची, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी. परिवार के एक सदस्य को इस दौरान मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है.
पुलिस ने कार को किया जब्त
हादसे की सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को मकान से बाहर निकलवाया और उसे जब्त कर थाने पहुँचाया. घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

