डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवल घाटी पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. एक तेज रफ्तार जीप ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है.
घर लौटते समय काल बनी तेज रफ्तार जीप
सदर थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान खेरवाड़ा के सुवेरी नेरी फला निवासी मणिलाल (पुत्र जीवा मीणा) के रूप में हुई है. रविवार सुबह मृतक के परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में शव का पोस्टमार्टम किया गया.
मृतक के पिता जीवा मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र मणिलाल शनिवार को अपने भाई के बेटे सुभाष और परिवार के ही एक अन्य युवक अमित के साथ डूंगरपुर से बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान देवल गांव के समीप सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट हरिप्रसाद और ईएमटी सुनील पाटीदार तुरंत मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार देते हुए तीनों घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मणिलाल का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया. अन्य दो घायल युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
फरार जीप चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सदर थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए जीप चालक की तलाश शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद मणिलाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. इस घटना के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

