Headlines

डूँगरपुर: स्कूल बस ड्राइवर की लापरवाही से छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा

आदर्श विद्यानिकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलाबपुरा की कथित घोर लापरवाही के कारण कक्षा 7 के छात्र जतिन रेबारी की दुखद मृत्यु का मामला गरमाता जा रहा है. इस घटना को लेकर राष्ट्रीय पशुपालक संघ, जिला डूंगरपुर ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय का पंजीकरण रद्द करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है.

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिम्बोड बड़ी निवासी जतिन रेबारी (कक्षा 7) विद्यालय का नियमित छात्र था. घटना 17 मार्च 2026 की दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच की बताई जा रही है. आरोप है कि विद्यालय के वाहन से गिरने के कारण जतिन गंभीर रूप से घायल हो गया था. प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के अनुसार, चालक की लापरवाही इतनी थी कि छात्र के गिरने के बाद भी वह वाहन आगे ले गया. अन्य छात्रों के चिल्लाने पर वह वापस लौटा, लेकिन घायल छात्र को अस्पताल ले जाने के बजाय करीब दो घंटे तक बस में ही घुमाता रहा. अंत में, चालक छात्र को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया.

उपचार के दौरान तोड़ा दम

परिजनों द्वारा जतिन को तत्काल साई ऑर्थोपेडिक और फिर एम.एम. पाटीदार हॉस्पिटल ले जाया गया. स्थिति गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो जतिन की जान बचाई जा सकती थी.

प्रशासन और विद्यालय की संवेदनहीनता पर सवाल

राष्ट्रीय पशुपालक संघ ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब विद्यालय प्रशासन से संपर्क किया गया, तो सहानुभूति के बजाय परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. संघ का कहना है कि विद्यालय की बसों में क्षमता से अधिक छात्रों को भरा जाता है, जो सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन है.

संघ की मुख्य मांगें:

  1. विद्यालय के सभी वाहनों की फिटनेस और क्षमता की उच्च स्तरीय जांच हो.
  2. जांच पूरी होने तक विद्यालय का पंजीकरण निलंबित कर परिसर को सील किया जाए.
  3. दोषी चालक और प्रबंधन के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज हो.
  4. पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए.

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर संतोषजनक कार्यवाही नहीं हुई, तो जिला कलेक्टर कार्यालय पर उग्र आंदोलन किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *