डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ ‘गौ रक्षा दल’ और ‘बजरंग दल’ की टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर दो पिकअप वाहनों को पकड़ा गया, जिनमें बेहद अमानवीय तरीके से भरी गई 8 भैंसों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया.
घेराबंदी कर पकड़े तस्करी के वाहन
जानकारी के अनुसार, बजरंग दल सागवाड़ा की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहन गलियाकोट की ओर से आ रहे हैं और आसपुर रोड होते हुए भैंसों की अवैध खेप ले जा रहे हैं. सूचना मिलते ही गौ रक्षा दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और मौके पर पहुँचकर रणनीतिक तरीके से नाकाबंदी की. जैसे ही संदिग्ध पिकअप वाहन वहां पहुँचे, टीम ने उन्हें रुकवा लिया.
बेजुबान पशुओं के साथ बेरहमी और क्रूरता
जब टीम ने दोनों पिकअप वाहनों की जांच की, तो अंदर का दृश्य विचलित करने वाला था. दोनों वाहनों में कुल 8 भैंसों को ठूस-ठूस कर भरा गया था. पशुओं को इस कदर बांधा गया था कि वे हिलने-डुलने में भी असमर्थ थे. क्रूरता की हद यह थी कि अमानवीय तरीके से परिवहन के कारण इन बेजुबान पशुओं के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए.
पुलिस को सौंपी गई लिखित शिकायत
कार्यवाही के बाद कार्यकर्ताओं ने दोनों पिकअप वाहनों और मुक्त कराए गए पशुओं को तुरंत सागवाड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया. गौ रक्षा दल और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को इस संबंध में एक लिखित शिकायत सौंपी है. उन्होंने मांग की है कि पशु क्रूरता अधिनियम और अवैध तस्करी की धाराओं के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए.
इस कार्यवाही के दौरान क्षेत्र के गौ भक्तों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया. उन्होंने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध पशु तस्करी और गोवंश या अन्य मवेशियों के साथ क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

