बांसवाड़ा शहर के राजतालाब थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों और असमाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला भगत सिंह कॉलोनी का है, जहां देर रात बाइक सवार शातिर चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाने की कोशिश की. हालांकि, पड़ोसियों की सजगता और ऐन वक्त पर जाग जाने के कारण चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए.
दूसरी चाबी से ताला खोलने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शातिर चोरों ने पूरी रेकी के बाद सूने मकान को निशाना बनाया. चोरों ने कटर या रॉड के बजाय दूसरी चाबी का उपयोग कर ताला खोलने का प्रयास किया ताकि कोई शोर न हो. लेकिन आधी रात को हुई आहट ने पड़ोसियों को सतर्क कर दिया. जैसे ही पड़ोसी बाहर आए और शोर मचाया, खुद को घिरता देख चोर अपनी बाइक पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले.
सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की करतूत
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय निवासियों ने राजतालाब थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है और सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं. फुटेज में संदिग्ध चोर मकान के बाहर ताला खोलने का प्रयास करते हुए साफ नजर आ रहे हैं.
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि राजतालाब इलाके में पिछले कुछ समय से लूट और चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं. लोगों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसके कारण रिहायशी इलाकों में भी लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. पुलिस की ढिलाई के कारण ही चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं.
पुलिसिया कार्रवाई और आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजतालाब थानाधिकारी और प्रशिक्षु आरपीएस सुहासी जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम को सक्रिय कर दिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों के हुलिए और बाइक नंबर की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

