उदयपुर के घंटाघर थाना क्षेत्र में देर रात खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी इलाके में आपसी विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में 26 वर्षीय एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
विवाद सुलझाने गए युवक पर जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान साहिल उर्फ सुहानी (26) पुत्र आरिफ के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि क्षेत्र के निवासी जीशान उर्फ हड्डी का कुछ अन्य युवकों के साथ पुराना विवाद चल रहा था. इसी झगड़े के दौरान ठोकर चौराहा निवासी नईम और कच्ची बस्ती निवासी कुंदन को मौके पर बुलाया गया. बिच्छू घाटी में जब विवाद बढ़ा, तो आरोपियों ने आवेश में आकर वहां मौजूद साहिल उर्फ सुहानी पर चाकू से हमला कर दिया.
सीने पर किया गहरा वार, मौके पर ही दम तोड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने साहिल के सीने पर चाकू से गहरा वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. घायल साहिल को तुरंत एमबी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल में भारी भीड़, पुलिस छावनी में तब्दील इलाका
युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग एमबी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए. आक्रोशित लोगों की भीड़ को देखते हुए माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया. घंटाघर थाना पुलिस के साथ आला अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लिया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

