डूंगरपुर जिले के मनपुर घाटी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसा पेश आया, जहां एक अनियंत्रित ऑल्टो कार पलटने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कार का पिछला टायर अचानक फटने के कारण हुआ. घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
अंतिम संस्कार से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, जिले के कनबई (खेरवाड़ा) निवासी हेमंत कुमार कलाल अपनी पत्नी गीता देवी के साथ मंगलवार को आसपुर क्षेत्र में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. दोपहर करीब 3 बजे जब दंपत्ति अपनी ऑल्टो कार से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
मनपुर घाटी पर फटा टायर, अनियंत्रित हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार मनपुर घाटी के पास पहुंची, अचानक कार का पिछला टायर जोर के धमाके के साथ फट गया. टायर फटने के कारण चालक हेमंत कुमार कार पर से नियंत्रण खो बैठे और तेज रफ्तार कार सड़क पर ही असंतुलित होकर पलट गई. कार के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े.
एम्बुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना तुरंत एम्बुलेंस सेवा को दी गई. सूचना मिलते ही ईएमटी सुनील पाटीदार और पायलट हर्षवर्धन सिंह व हरिप्रकाश मौके पर पहुंचे. एम्बुलेंस कर्मियों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देते हुए तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, हेमंत कुमार और उनकी पत्नी गीता देवी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं. फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका सघन उपचार किया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई.

