डूंगरपुर शहर में गुरुवार देर शाम एक आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया. शहर के अलग-अलग मोहल्लों में इस आक्रामक कुत्ते ने तीन मासूम बच्चों और एक युवक पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया. अचानक हुए इस हमले से शहर के रिहायशी इलाकों में अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है.
खेल रहे बच्चों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने एक के बाद एक कई इलाकों में लोगों को अपना निशाना बनाया. शहर के मालीवाड़ा, सुथारवाड़ा, जूना महल और सूरमा का चौक क्षेत्रों में यह आतंक देखने को मिला.
सबसे पहले घर के बाहर खेल रहे 8 वर्षीय वेदांश सिंह, हैरी सोमपुरा और 9 वर्षीय मोहम्मद मजहर कुरैशी पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. बच्चे जब तक कुछ समझ पाते, कुत्ते ने उन्हें काटकर लहूलुहान कर दिया. बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब तक परिजन बाहर आए, कुत्ता वहां से भाग निकला.
राहगीर भी नहीं बचे
बच्चों को घायल करने के बाद कुत्ता और अधिक हिंसक हो गया. इसी दौरान बाइक से गुजर रहे मयंक सोमपुरा पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया और उन्हें काट लिया. इसके अलावा एक अन्य राहगीर युवक को भी कुत्ते ने अपना शिकार बनाया. आसपास के लोगों ने लाठियां लेकर कुत्ते को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह गलियों में ओझल हो गया
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर की गलियों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना दूभर हो गया है. लोगों ने मांग की है कि नगर परिषद तुरंत अभियान चलाकर इन आक्रामक कुत्तों को पकड़े ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

