Headlines

बांसवाड़ा: पांच नंबर बिजली घर के पास फिर भड़की भीषण आग, 24 घंटे में दूसरी बार दहका जंगल

बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रतलाम रोड स्थित पांच नंबर बिजली घर के पास रविवार को एक बार फिर भीषण आग लग गई. देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के जंगली इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली, जिससे पावर हाउस और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया.

24 घंटे के भीतर दूसरी बार हुई घटना

गौरतलब है कि इसी वन क्षेत्र में ठीक एक दिन पहले शनिवार को भी भीषण आग लगी थी, जिससे पेड़-पौधों और वन संपदा को काफी नुकसान पहुँचा था. शनिवार की आग पर मुश्किल से काबू पाया गया था, लेकिन रविवार को फिर से उसी इलाके में आग सुलगने से स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है. 24 घंटे के भीतर पावर हाउस जैसे संवेदनशील क्षेत्र में दोबारा आग लगना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है.

दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं. दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. अगर समय रहते दमकल की गाड़ियां नहीं पहुँचती, तो आग बिजली घर के मुख्य परिसर तक पहुँच सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था.

कारणों की जांच में जुटा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुँच गईं. फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस और वन विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह आग तेज गर्मी और सूखी घास के कारण स्वतः लगी है या किसी की लापरवाही या शरारत का परिणाम है. फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *