Headlines

उदयपुर: सिलावटवाड़ी चोरी कांड के 7 दिन बाद भी सुराग नहीं, पीड़ित परिवार ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

उदयपुर शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र में हुई करोड़ों की चोरी की वारदात को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और जांच में कोई ठोस प्रगति न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने आज पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और ज्ञापन सौंपा.

40 तोला सोना और 10 लाख की हुई थी चोरी

घटना घंटाघर थाना इलाके के सिलावटवाड़ी में ‘बीच की मस्जिद’ के सामने स्थित एक रिहायशी मकान की है. करीब 7 दिन पहले चोरों ने इस सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 तोला सोना और 10 लाख रुपये नकद पार कर लिए थे. इतनी बड़ी वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन 7 दिन बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है.

पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार

पीड़ित परिवार और उनके परिजनों ने एसपी कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि पुलिस की जांच की रफ्तार बेहद धीमी है और अब तक की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही है. उन्होंने कहा कि वारदात के बाद से वे लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल जांच जारी होने का आश्वासन दिया जा रहा है.

जल्द गिरफ्तारी की मांग

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया जाए और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया जाए. फिलहाल, एसपी कार्यालय की ओर से मामले में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है, लेकिन देखना यह है कि पुलिस इन शातिर चोरों तक कब तक पहुँच पाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *