डूंगरपुर शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. डूंगरपुर शहर के माथुगामडा रोड पर स्थित दो दूध डेयरियों पर नकली घी बेचने की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. बुधवार को फूड इंस्पेक्टर की मौजूदगी में दोनों डेयरियों से घी के सैंपल लिए गए.
पुलिस की छापेमारी और डेयरियों को किया सील
कोतवाली थानाधिकारी अजय सिंह राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नकली घी की सटीक सूचना मिलने पर माथुगामडा रोड पर दबिश दी. पुलिस ने यहाँ स्थित ‘जय मातेश्वरी दूध डेयरी’ और ‘किशन मेवाड़ दूध डेयरी’ पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दोनों डेयरियों पर प्लास्टिक के केन और थैलियों में बड़ी मात्रा में घी भरा हुआ मिला. प्रारंभिक जांच में घी की गुणवत्ता संदिग्ध लगने और मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के उपलब्ध न होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से दोनों दुकानों को सील कर दिया था.
फूड इंस्पेक्टर ने लिए सैंपल

बुधवार को फूड इंस्पेक्टर असीमुद्दीन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी में सील की गई दोनों डेयरियों को खोला गया और वहां मौजूद घी के स्टॉक की सघन जांच की गई। टीम ने दोनों संस्थानों से घी के नमूने (सैंपल) एकत्रित किए.
लैब रिपोर्ट पर टिकी कार्रवाई
फूड इंस्पेक्टर असीमुद्दीन ने बताया कि एकत्र किए गए सैंपल को जांच के लिए राज्य स्तरीय लेबोरेट्री भेजा जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी कि घी असली है या नकली. रिपोर्ट में मिलावट पाए जाने पर संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

