डूंगरपुर जिला मुख्यालय के समीप दो नदी मोड़ पर मंगलवार रात बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। शहर से अपने गांव जा रहे एक युवक पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में युवक की पीठ पर गहरा घाव हुआ है, जिसके चलते अस्पताल में उसे 7 टांके आए हैं. गनीमत रही कि युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई.
किताब लेने गांव जा रहा था छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के छेला खेरवाड़ा निवासी बंसीलाल हड़ात (पुत्र कालूराम) डूंगरपुर शहर में किराए का कमरा लेकर रहता है. मंगलवार रात करीब 9 बजे वह अपनी परीक्षा की तैयारी के लिए किताब लेने बाइक से अपने गांव जा रहा था. जैसे ही वह दो नदी मोड़ के पास पहुंचा, दड़ोडिया की ओर से दो बाइकों पर सवार होकर आए 5-6 अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया.
चलती बाइक पर पीछे से किया वार
बंसीलाल ने बताया कि जैसे ही बदमाशों की बाइक उसके पास से गुजरी, एक बदमाश ने चलती बाइक पर ही पीछे से उसकी पीठ पर धारदार हथियार से वार कर दिया. हमले के बाद बंसीलाल अनियंत्रित होकर बाइक सहित नीचे गिर गया. जख्मी हालत में भी उसने तुरंत हिम्मत दिखाई और वहां से भागकर अपना बचाव किया, वरना बदमाश कोई बड़ा हादसा कर सकते थे.
निजी वाहन से पहुंचा अस्पताल, पीठ पर आए 7 टांके
हमले के बाद घायल बंसीलाल किसी तरह निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. चोट काफी गहरी होने के कारण उसकी पीठ पर 7 टांके लगाने पड़े. फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है.
अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं
हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद पीड़ित की ओर से संबंधित थाने में अभी तक कोई लिखित रिपोर्ट (FIR) दर्ज नहीं कराई गई है. रात के समय हाईवे के समीप हुई इस वारदात ने राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की जानकारी मिलने पर अपने स्तर पर जांच कर सकती है.

